कानपुर देहात: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील मैथा में संपन्न हुआ जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस
जनपद की सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जहां प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने आमजन की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना और उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील मैथा में जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने प्राप्त शिकायतों को एक-एक कर सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में कुल 75 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 02 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को निर्धारित समयसीमा में समाधान हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से राजस्व एवं भूमि विवाद से जुड़े मामलों में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम को तत्काल मौके पर भेजकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और प्रत्येक प्रकरण में गुणवत्ता व पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता हो।
आईजीआरएस, तहसील दिवस, माननीय जनप्रतिनिधियों के संदर्भ तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं संतोषजनक निस्तारण के भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि हर प्रकरण में शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर उसकी संतुष्टि सुनिश्चित की जाए।
जनसुनवाई के दौरान खतौनी संबंधी प्रार्थना पत्रों पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्यवाही कराई और सही खतौनी संबंधित शिकायतकर्ताओं को उपलब्ध कराई गई।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक कार्यदिवस प्रातः 10 से 12 बजे तक अनिवार्य रूप से जनसुनवाई करें, शिकायतकर्ताओं के साथ मधुर व्यवहार रखें और उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए के सिंह, उप जिलाधिकारी मैथा राजकुमार पाण्डेय, तहसीलदार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।