खबर इंसेक्टिसाइड इंडिया लिमिटेड के तत्वावधान में प्रोडक्ट स्टेवार्डशिप डे मनाया गया

खबर
इंसेक्टिसाइड इंडिया लिमिटेड के तत्वावधान में प्रोडक्ट स्टेवार्डशिप डे मनाया गया
- अवसर पर किसानों को सुरक्षा की जानकारी दी गई
अकबरपुर इंसेक्टिसाइड इंडिया लिमिटेड के तत्वावधान में प्रोडक्ट स्टेवार्डशिप डे के अवसर पर किसानों को सुरक्षा एवं जिम्मेदार कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक किया गया। क्रम में ग्राम हरीरामपुरवा, मुबारकपुर लाटा, अकबरपुर में किसान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने किसानों को फसलों में उपयोग होने वाली कीटनाशक एवं अन्य कृषि रसायनों के सही और संतुलित प्रयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। किसानों को बताया गया कि दवाओं का प्रयोग निर्धारित मात्रा में ही करें तथा छिड़काव के समय मास्क, दस्ताने और अन्य सुरक्षा उपकरणों का उपयोग अवश्य करें। इससे उनके स्वास्थ्य पर किसी प्रकार का दुष्प्रभाव नहीं पड़ेगा।
इसके साथ ही खाली पैकेट, बोतल या डिब्बों के सुरक्षित निस्तारण के बारे में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि रसायनों के खाली डिब्बों को खुले में फेंकना या जल स्रोतों के पास छोड़ना पर्यावरण के लिए हानिकारक हो सकता है। इसलिए उन्हें निर्धारित स्थान पर सुरक्षित तरीके से नष्ट किया जाए, ताकि मनुष्य, पशु, मिट्टी और जल स्रोत सुरक्षित रह सकें।
कंपनी की ओर से सुरक्षित एवं जिम्मेदार कृषि को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने किसानों से अपील की कि वे जागरूक होकर वैज्ञानिक पद्धति अपनाएं और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें।
इस अवसर पर कंपनी के क्षेत्राधिकारी आशीष कुमार यादव (D R M), संदीप कुमार, अभिषेक शुक्ला, कृष्ण कुमार त्रिपाठी एवं भूपेंद्र सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में किसानों ने भी अपने अनुभव साझा किए और इस पहल की सराहना की।




