मुगल मार्ग पर ओवरलोड ऑटो दौड़ रहे बेखौफ, गुरुवार को वीडियो वायरल
कानपुर देहात जनपद के सिकंदरा कस्बे में भोगनीपुर से औरैया जाने वाले मुगल मार्ग पर यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। गुरुवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक तीन पहिया ऑटो में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर ले जाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। मुगल मार्ग ही नहीं, बल्कि नेशनल हाईवे पर भी अक्सर ओवरलोड ऑटो बड़े ट्रकों और भारी वाहनों के बीच से गुजरते देखे जाते हैं। ऐसे में जरा सी चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। तेज रफ्तार वाहनों के बीच असंतुलित ऑटो का चलना यात्रियों की जान जोखिम में डाल रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार तीन पहिया वाहन पहले से ही हल्के और अस्थिर होते हैं। उनमें निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने से वाहन का संतुलन और ब्रेकिंग सिस्टम प्रभावित होता है, जिससे दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।
इस मामले में एआरटीओ प्रशासन प्रशांत कुमार ने बताया कि ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। दोषी चालकों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से नियमित चेकिंग अभियान चलाने और मुगल मार्ग व हाईवे पर सख्ती बढ़ाने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले ही इस लापरवाही पर अंकुश लगाया जा सके।
#कानपुर_देहात #सिकंदरा #मुगल_मार्ग #ओवरलोडिंग #सड़क_सुरक्षा