अज्ञात कार की टक्कर से युवक गंभीर घायल, चालक मौके से फरार
कानपुर देहात। थाना मंगलपुर क्षेत्र में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नीमझाल के पास अज्ञात कार की जोरदार टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिससे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार थाना मंगलपुर क्षेत्र के गौरी गांव निवासी रामजी पुत्र अखिलेश गुप्ता शनिवार दोपहर करीब 1 बजे अपनी मोटरसाइकिल से झींझक बाजार जा रहे थे। तभी नीमझाल के समीप तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए घायल को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) झींझक पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. राजीव यादव ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत नाजुक देखते हुए युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। फरार कार चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।