कानपुर देहात: पुखरायां में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
कानपुर देहात | भोगनीपुर
कोतवाली भोगनीपुर क्षेत्र के पुखरायां कस्बे के राजीव नगर मोहल्ले में मंगलवार देर रात एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय करन पुत्र केशव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, करन ने मंगलवार देर रात घर के अंदर छत के कुंडे से साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि मृतक करन कस्बे की एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था। उसके पिता केशव और मां मालती नबीपुर क्षेत्र में रहकर एक निजी फैक्ट्री में काम करते हैं। अचानक हुई इस घटना से परिजन गहरे सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।